देश

झालर लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक छत से गिरा

सिर में लगी गंभीर चोट,मौत

जबलपुर यश भारत । त्रिमूर्ति नगर, राम मंदिर के सामने वाली गली में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने दो मंजिला मकान में झालर लगा रहे एक युवक को पास से गुज़र रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि युवक मकान की छत से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप अपने घर में झालर लगा रहा था। इसी दौरान असावधानीवश उसका हाथ मकान के करीब से गुज़र रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली की लाइन को छू गया। हाईटेंशन करंट की चपेट में आते ही प्रदीप को जोरदार झटका लगा और वह दो मंजिला मकान से नीचे गिर गया।

हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल प्रदीप को जबलपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुँचे। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जाँच के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर एएसआई पंचमलाल यादव मौके पर पहुँचे। एएसआई यादव ने बताया कि प्रदीप झालर लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया और करंट लगने से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button