भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

भोपाल में आज से सजेगा एमपी ट्रैवल मार्ट, 34 देशों के प्रतिनिधियों संग जुटेंगे देश-दुनिया के 600 से अधिक पर्यटन विशेषज्ञ

भोपाल में आज से सजेगा एमपी ट्रैवल मार्ट, 34 देशों के प्रतिनिधियों संग जुटेंगे देश-दुनिया के 600 से अधिक पर्यटन विशेषज्ञ

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश के समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास, नैसर्गिक सौंदर्य और जीवंत परंपराओं को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए राजधानी भोपाल में 7 से 10 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस चार दिवसीय आयोजन का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस प्रतिष्ठित आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में वैश्विक पर्यटन निवेश को गति देना, बुनियादी सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

आयोजन में अमेरिका, फ्रांस, जापान, इटली, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, यूएई और रूस समेत दुनिया के 34 देशों से 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल राइटर्स शिरकत कर रहे हैं। इनके साथ ही देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से अधिक प्रमुख घरेलू टूर ऑपरेटर्स भी इस साझा मंच पर जुटेंगे। इस प्रकार कुल 600 से अधिक पर्यटन प्रतिनिधि प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लिए नए टूर पैकेज, यात्रा अनुभवों और व्यावसायिक समझौतों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।

848 करोड़ से सीहोर में आकार लेगा अंतरराष्ट्रीय गोल्फ विला व रिसॉर्ट
इस ट्रैवल मार्ट के दौरान 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के संयुक्त निवेश प्रस्तावों और व्यापारिक अनुबंधों को अंतिम रूप दिया जाना तय हुआ है। इसमें सबसे बड़ा आकर्षण सीहोर जिले का रामगढ़ रहेगा, जहां मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और एआरएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच 848.40 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक पर्यटन निवेश समझौता निष्पादित होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लग्जरी होटल तैयार किए जाएंगे। इस वृहद प्रोजेक्ट से लगभग 920 लोगों को प्रत्यक्ष तथा सैकड़ों युवाओं को अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा। इसके साथ ही, प्रदेशभर में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लग्जरी टेंट और ईको-टूरिज्म से जुड़े 14 अन्य प्रोजेक्ट्स के लिए निजी निवेशकों को 252 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ अवॉर्ड (एलओए) प्रदान किए जाएंगे।

हाईवे सुविधा केंद्रों से सुगम होगी सड़क यात्रा,मां की रसोई में सजेगा देशी स्वाद
प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की सड़क यात्रा को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से 3 प्रमुख टूरिज्म हाईवे पर आधुनिक सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, विदेशी मेहमानों को मालवा और बुंदेलखंड के प्रामाणिक एवं पारंपरिक स्वादों से रूबरू कराने के लिए मार्ट में मां की रसोई का विशेष लाइव काउंटर तैयार किया गया है। यहां आगंतुकों को कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की सोंधी रोटियां, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, दाल-बाफला, भुने बैंगन का भर्ता और सिलबट्टे पर पिसी ताजी चटनी परोसी जाएगी।

पर्यटन विभाग के सचिव व एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कुल 21.05 करोड़ से अधिक पर्यटक प्रदेश पहुंचे। यह मार्ट इसी निरंतर बढ़ती पर्यटन क्षमता को स्थाई वैश्विक निवेश और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक ठोस कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button