भोपालमध्य प्रदेश

तेज रफ्तार कूरियर वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, लोकायुक्त टीआई के 4 साल के मासूम बेटे की मौत

तेज रफ्तार कूरियर वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, लोकायुक्त टीआई के 4 साल के मासूम बेटे की मौत

श्यामला हिल्स के टर्निंग पॉइंट पर आमने-सामने भिड़े दो ऑटो

मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिरा बच्चा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के वीआईपी इलाके श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा एनआईटीटीआर कॉलेज के पास स्थित टर्निंग पॉइंट पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कूरियर लोडिंग ऑटो ने सवारी ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। मृतक बच्चा इंदौर लोकायुक्त में पदस्थ टीआई सचिन पटेरिया का बेटा था।

​खरीदारी के लिए निकली थी मां-बेटे की जोड़ी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर लोकायुक्त में पदस्थ टीआई सचिन पटेरिया का परिवार भोपाल स्थित सातवीं वाहिनी के ऑफिसर क्वार्टर में रहता है। उनकी पत्नी नेहा पटेरिया अपने चार वर्षीय बेटे यशवर्धन के साथ खरीदारी के लिए घर से निकली थीं। उन्होंने सातवीं वाहिनी के पास से एक सवारी ऑटो लिया था। ऑटो में ड्राइवर के अलावा सिर्फ नेहा और उनका बेटा ही सवार थे।

​टक्कर के बाद सड़क पर गिरा मासूम
मैौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, जैसे ही ऑटो एनआईटीटीआर कॉलेज के पास ढलान वाले टर्निंग पॉइंट पर पहुंचा, सामने से आ रहे एक कूरियर लोडिंग वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नेहा की गोद में बैठा यशवर्धन हवा में उछलकर सीधे पक्की सड़क पर जा गिरा। हादसे में बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि ऑटो चालक का पैर फ्रैक्चर हो गया और नेहा पटेरिया को भी चोटें आईं।

​अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सक्रियता दिखाई और घायलों को निजी बॉम्बे चिल्ड्रन हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वही हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने यशवर्धन को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले जा रहे हैं ताकि यह साफ हो सके कि गलती किस वाहन चालक की थी। प्रारंभिक तौर पर लोडिंग वाहन की रफ्तार तेज बताई जा रही है। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button