पेंशन रुकने का झांसा देकर रिटायर्ड रेलकर्मी से ₹5.50 लाख की साइबर ठगी

पेंशन रुकने का झांसा देकर रिटायर्ड रेलकर्मी से ₹5.50 लाख की साइबर ठगी
जालसाजों ने बैंक अधिकारी बनकर लिया था ओटीपी
भोपाल, यशभारत। शहर में साइबर ठगों ने एक बार फिर एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया है। ईटखेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लांबाखेड़ा निवासी एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी से ठगों ने साढ़े पांच लाख रुपये की बड़ी रकम हड़प ली। ठगों ने पीड़ित को पेंशन बंद होने का डर दिखाकर उनके बैंक खाते की जानकारी हासिल की और फिर ओटीपी के जरिए पूरी राशि उड़ा दी।
पुलिस के अनुसार, बालाजी लेकसिटी निवासी नरेंद्र रैकवार रेलवे से बतौर कारपेंटर सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनकी पेंशन पिछले चार महीने से होल्ड पर है। इसे दोबारा शुरू करने के लिए केवाईसी अपडेट करना होगा। पेंशन रुकने की बात सुनकर रैकवार घबरा गए और ठगों के झांसे में आ गए।
ओटीपी बताते ही साफ हो गया खाता
जालसाज ने बातों में उलझाकर रैकवार से उनके बैंक खाते का विवरण लिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक वन-टाइम पासवर्ड आया। जैसे ही रैकवार ने वह ओटीपी कॉलर को बताया, उनके खाते से किस्तों में कुल 5 लाख 50 हजार रुपये कट गए। मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज देख उनके होश उड़ गए।
पीड़ित की शिकायत पर ईटखेड़ी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उस मोबाइल नंबर और उन बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें यह राशि ट्रांसफर की गई है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों के लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।







