किडनी की बीमारी से परेशान अधेड़ ने फांसी लगाकर जान दी -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

किडनी की बीमारी से परेशान अधेड़ ने फांसी लगाकर जान दी
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
टीटी नगर थाना क्षेत्र में कल शाम एक अधेड़ व्यक्ति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह पिछले ढाई साल से किडनी की बीमारी से ग्रस्ति था। इधर, छोला मंदिर थाना इलाके में एक विवाहिता की आग में झुलसने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल सोनी लाल ने बताया कि बाणगंगा निवासी राजेन्द्र मारण पुत्र मोहन(51) कुक का काम करता था। कल शाम उसने अपने घर में छत के कुंदे से रस्सी का फंदा बांध कर फांसी लगा ली। घटना का पता चलने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोडक़र उन्हें बाहर निकाला और जय प्रकाश अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक राजेन्द्र पिछले ढाई साल से किडनी की बीमारी से परेशान था। वहीं करीब दस माह पहले उसकी बेटी की भी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से वह डिप्रेशन में रहने लगा था। पुलिस को अंदेशा है कि बीमारी और बेटी की मौत से दुखी होकर अधेड़ ने आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आग में झुलसी महिला ने दमतोड़ा:-
छोला मंदिर थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता पिछले दिनों आग में झुलस गई थी, जिसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने बताया कि शिवनगर छोला मंदिर निवासी प्रीति चौरसिया पति परमानंद(35) गृहणी थी। गत 23 जुलाई को प्रीति खाना बना रही थी। तभी अचानक गैस सिलेण्डर में आग लगने से वह बुरी तरह आग में झुलस गई थी। हादसे के बाद परिजनों ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।






