आधी रात गोहलपुर गाजी नगर की झुग्गियों में भीषण आग, देखते ही देखते लपटों में घिरा पूरा इलाका….. देखें वीडियो

जबलपुर, यश भारत। धनतेरस के त्योहार की खुशियों के बीच गोहलपुर थाना क्षेत्र के गाजी नगर स्थित झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक के बाद एक झुग्गी-झोपड़ियां इसकी चपेट में आने लगीं। चारों तरफ उठती आग की लपटों और धुएं के बीच बस्ती में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहीं दमकल विभाग की कई गाड़ियां भी आग बुझाने के लिए रवाना की गईं। दमकलकर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन आग की लपटें लगातार फैलती जा रही हैं। बस्ती में एक के बाद एक झोपड़ियों को आग अपनी चपेट में ले रही हैं।
दीपावली से पहले गरीब परिवारों पर टूटा संकट
गौरतलब है कि धनतेरस के दिन जहां लोग दीपावली की तैयारियों और खरीदारी में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले गरीब परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया। अगले दिन दीपावली का त्योहार है और उससे ठीक पहले आगजनी की इस घटना ने कई परिवारों की खुशियों पर पानी फेर दिया।
एक सप्ताह में आगजनी की दूसरी बड़ी घटना
जबलपुर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।






