शहर में बीती रात दो स्थानों पर हुईं आगजनी की घटनाएं, टला बड़ा हादसा

जबलपुर। बुधवार की देर रात शहर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग की मुस्तैदी से दोनों ही घटनाओं पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पहली घटना रात लगभग सवा बारह बजे होम साइंस कॉलेज के पास हिंदू पंजाबी एसोसिएशन भवन के नजदीक हुई, जहाँ सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि यह आग आतिशबाजी या पटाखे फोड़ने के कारण सुलगती चिंगारी से लगी होगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग बुझाकर आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को सुरक्षित बचा लिया, हालांकि तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
वहीं, दूसरी घटना गोरखपुर क्षेत्र स्थित एक रिहाइशी अपार्टमेंट की है, जहाँ अज्ञात कारणों से घर के अंदर आग भड़क उठी। गनीमत रही कि इस घटना में भी समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।







