भोपालमध्य प्रदेश

गेहूं की फसल पर कीटनाशक छिड़काव के दौरान मशीन पलटी, दबने से किसान की मौत

गेहूं की फसल पर कीटनाशक छिड़काव के दौरान मशीन पलटी, दबने से किसान की मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागमुगलिया इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अपने खेत में गेहूं की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करवा रहे एक 53 वर्षीय किसान की भारी-भरकम मशीन के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मशीन को खेत की मेढ़ पर चढ़ाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शैतान सिंह पाल (53) निवासी बागमुगलिया के रूप में हुई है। शैतान सिंह का सड़क किनारे ही खेत है, जहां गेहूं की फसल लगी हुई है। छिड़काव के लिए उन्होंने पास के ही एक खेत से किराए पर मशीन मंगवाई थी। दोपहर के समय जब मशीन ऑपरेटर उसे खेत के भीतर ले जा रहा था, तब शैतान सिंह खुद उसे रास्ता दिखा रहे थे।

मेढ़ पर बिगड़ा संतुलन, सीने में आई गंभीर चोट
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि खेत की मेढ़ ऊंची होने के कारण मशीन उस पर चढ़ते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। शैतान सिंह को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे मशीन के भारी हिस्से के नीचे दब गए। आस-पास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने किसान को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पसलियों में आई गंभीर चोट और आंतरिक रक्तस्राव के कारण करीब तीन घंटे चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, मशीन के अत्यधिक वजन के कारण किसान के सीने की हड्डियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मशीन ऑपरेटर और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा सके। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button