एसआईआर,आत्मनिर्भर भारत को लेकर मुख्यमंत्री हाउस में देर रात तक चली बैठक
शिवप्रकाश, जामवाल व महेंद्र सिंह की सीएम और खंडेलवाल से हुई चर्चा

भोपाल,यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ छोटी टोली के सदस्य की गुरूवार देर रात तक चर्चा चलती रही। छोटी टोली के सदस्यों के साथ ही केंद्रीय पदाधिकारियों ने अन्य मामलों पर चर्चा की। सीएम हाउस में देर रात तक चली बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह केंद्रीय पदाधिकारी बतौर मौजूद थे। इन्होंने सीएम डॉ. यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा-राजेंद्र शुक्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह और प्रहलाद पटेल के अलावा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल से समन्वय पर चर्चा की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सीएम हाउस की बैठक के संदर्भ में देर रात बताया कि छोटी टोली की बैठक में प्रमुखता के साथ एसआईआर विषय पर चर्चा हुई जिसमे प्रदेश के सभी कार्यकर्ता एसआईआर में जागरूकता के साथ शामिल हो इसके लिए मंथन किया गया इसके अलावा आत्मनिर्भर भारत और सरदार पटेल की जयंती कार्यक्रमों के संदर्भ में चर्चा हुई। बिहार चुनाव ड्यूटी पर गए कार्यकर्ताओं के अनुभव और बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रमों की तैयारी पर भी विमर्श हुआ।







