जबलपुरमध्य प्रदेश

कुछ सेकंड में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार: तिलवारा पुल पर तेज रफ्तार का कहर, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

मासूम जिंदगी से जूझ रहा

जबलपुर,यशभारत। तिलवारा पुल पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि घटना ने देखते ही देखते दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। टक्कर के बाद महिला उछलकर पुल के नीचे जा गिरी, जबकि उसके पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वाहन तेज गति में था और चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसा इतना अचानक और खतरनाक था कि बाइक सवार दंपति संभलने का मौका तक नहीं पा सके। टक्कर के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

इस हादसे में नारायण उर्फ बंटी केवट (30) और उनकी पत्नी शालिनी केवट (28), निवासी उड़िया मोहल्ला, थाना माढ़ोताल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, परिवार ससुराल से अपने घर लौट रहा था, लेकिन यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। एक खुशहाल परिवार पलक झपकते ही बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button