जमीनी विवाद में कट्टा चला, आधा दर्जन हमलावरों ने अधेड़ को किया लहूलुहान
नुनसर पुलिस चौकी क्षेत्र में सनसनी, गंभीर हालत में मेडिकल में भर्ती, आरोपी फरार

जबलपुर यशभारत। बीती रात जिले की नुनसर पुलिस चौकी क्षेत्र में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया, जहां आधा दर्जन आरोपियों ने मिलकर एक अधेड़ व्यक्ति पर कट्टा से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
देर रात हुई इस घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि सूखा ग्राम का रहने वाला 45 वर्षीय ठाकुर दास पटेल पिता स्वर्गीय मूलचंद पटेल का गांव के ही रहने वाले अर्जुन पटेल गोपाल काछी सक्कू दीपक काछी एवं सिद्धार्थ दुबे का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच रात को रोशनी वेयरहाउस के पास कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर एक आरोपी ने कट्टा निकालकर अधेड़ पर फायर कर दिया। हमले में अधेड़ गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। जिसे बाद में उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया कट्टा के हमले से उसके कंधे में दो छर्रे धसे हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित द्वारा आरोपियों की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं लोगों में भय का माहौल भी देखा जा रहा है।







