रंजिश का बदला लेने के लिए डॉक्टर से लुटवाया 17 लाख का कड़ा, 500 CCTV फुटेज ने खोला राज

रंजिश का बदला लेने के लिए डॉक्टर से लुटवाया 17 लाख का कड़ा, 500 CCTV फुटेज ने खोला राज
भोपाल, यशभारत। राजधानी पुलिस ने 10 अप्रैल को हुई एक सनसनीखेज लूट की गुत्थी सुलझाते हुए एक महिला मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से 11 तोला वजनी सोने का कड़ा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरी वारदात की साजिश एक ऐसी महिला ने रची थी जो खुद को मानवाधिकार संगठन की जॉइंट सेक्रेटरी बताती थी।

आंखों में मिर्ची झोंककर की थी वारदात
घटना 10 अप्रैल की है, जब पीड़ित मनोज वर्मा अपनी साइकिल से जा रहे थे। रास्ते में तीन युवकों ने जानबूझकर उनकी साइकिल में टक्कर मारी और उनके गिरते ही आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इस दौरान आरोपी उनके हाथ से सोने का भारी कड़ा, घड़ी और नकदी छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए 10 विशेष टीमें गठित की थीं।
दोस्ती, रंजिश और फिर साजिश
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट की शिकार हुए डॉक्टर और मुख्य आरोपी महिला आलिया खान पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों की मुलाकात बोट क्लब स्थित जीवन वाटिका में योग के दौरान हुई थी। पुलिस के अनुसार, आलिया और डॉक्टर के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद था। इसी का बदला लेने और डॉक्टर को सबक सिखाने के उद्देश्य से आलिया ने अदनान खान नाम के युवक के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की।
तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीमों ने शहर के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दबिश देकर आलिया खान, अरशान, अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सिर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूट का सोना, वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा ग्लेंज़ा कार, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पकड़ी गई आरोपी आलिया खान पूर्व में राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो में ऊंचे पद पर होने का दावा करती थी। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।







