जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में करंट लगने से 5 साल की मासूम की मौत, मंगलवार को पहली बार जाने वाली थी स्कूल

A 5-year-old innocent died due to electric shock in Bhopal, she was going to go to school for the first time on Tuesday

भोपाल में करंट लगने से 5 साल की मासूम की मौत, मंगलवार को पहली बार जाने वाली थी स्कूल

भोपाल: राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 5 साल की मासूम बच्ची आयशा की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर शाहजहांनाबाद इलाके में हुई। बच्ची ने जैसे ही खंभे को छुआ, वह उससे चिपक गई और करीब एक मिनट तक वहीं फंसी रही। पास में मौजूद दो युवकों ने फावड़े के दस्ते से उसे किसी तरह पीछे खींचा, लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुकी थी। बच्ची को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नए बैग और किताबों का सपना अधूरा

मृतक बच्ची की पहचान आयशा पुत्री साजिद खान (5) के रूप में हुई है। बच्ची के पिता साजिद ने उसे शनिवार को ही नया स्कूल बैग और किताबें दिलाई थीं। आयशा मंगलवार से पहली बार नर्सरी क्लास में स्कूल जाने वाली थी, लेकिन यह दुखद हादसा उसके सारे सपनों को अधूरा छोड़ गया। परिवार ने इसी साल उसका स्कूल में दाखिला कराया था और 1 जुलाई से उसे स्कूल भेजने की तैयारी थी।

लापरवाही का आरोप, लोगों का हंगामा

आयशा की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क पर पानी भरा हुआ था और खंभे पर लगे तारों में जगह-जगह कट थे, जिसके कारण बारिश में खंभा गीला होने से उसमें करंट फैल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक आतिफ अकील और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति शांत कराई।

आर्थिक तंगी से जूझ रहे पिता पर गमों का पहाड़

आयशा के पिता साजिद खान लोडिंग ऑटो चलाते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। कुछ समय पहले ही किस्त न भर पाने के कारण उनकी ऑटो कंपनी द्वारा जब्त कर ली गई थी, जिससे वह पहले से ही तनाव में थे। अब बेटी की मौत ने उन पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।

पुलिस कर रही है जांच

एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच की जा रही है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। टीआई यूपीएस चौहान ने बताया कि परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने को राजी नहीं थे, लेकिन समझाने के बाद वे मान गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button