जैन समाज का संपत्ति विवाद, बंद रहीं दुकानें, जैन धर्मशाला के अदंर बाउंसर ले जाकर तालाबंदी करने की कोशिशों पर बवाल, बिफरे समाज के लोग, सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेशी

कटनी, यशभारत। जैन धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर जाकर कोतवाली पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू करने के बाद मामला शांत कराया। संपत्ति विवाद के बीच जैन समाज के व्यवसायियों ने आज अपने प्रतिष्ठिान बंद रखकर विरोध जताया। स्टेशन रोड, मेन रोड, सिल्वर टॉकीज रोड, कपड़ा बाजार, गोलबाजार और अन्य क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। जैन समाज का कहना है कि सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में इस मामले को लेकर पेशी है। उसके बाद ही कोई निर्णय हो पाएगा। उधर दूसरे पक्ष अनुराग जैन का कहना है कि हमारा पक्ष मजबूत है और एसडीएम न्यायालय से हमारे पक्ष में ही फैसला आएगा।
गौरतलब है कि झुरही स्थित चेत्नोदय तीर्थक्षेत्र की जमीन को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चला आ रहा था। यह विवाद शांत भी नहीं हो पाया था कि अब जैन धर्मशाला और स्कूल की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आ गया। कुछ दिन पहले मारपीट की घटना के बाद कल शाम एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। बताया जाता है कि जैन पाठशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अनुराग जैन बीती शाम सुरक्षा दृष्टि को लेकर बाउंसर के साथ यहां पहुंचे, जिससे विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सुरक्षा गार्डों के जैन धर्मशाला के अंदर घुसने पर जैन समाज के लोगों ने आपत्ति दर्ज की।
जूता पहनकर घुस रहे थे बाउंसर, दर्ज कराई आपत्ति
जैन पंचायत के अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि बाउंसर जूता पहनकर अंदर घुस रहे थे, जिस पर आपत्ति दर्ज की गई। बताया जाता है कि इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग यहां पहुचे। कुछ देर के लिए तनातनी की स्थिति निर्मित हो गई। विवाद बढ़ता देख बड़ी संख्या में लोग मुख्य सडक़ पर एकत्रित हो गए, जिससे सडक़ यातायात बाधित हुआ और जाम के हालात बन गए। खबर मिलते ही कोतवाली टीआई राखी पांडे पुलिस बल के साथ यहां पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी और सडक़ पर जमा भीड़ को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
मामला न्यायालय में विचाराधीन
विदित हो कि कोतवाली के सामने स्थित इस संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर दिगंबर जैन पंचायत और जैन पाठशाला ट्रस्ट अध्यक्ष अनुराग जैन के परिवार के बीच विवाद चल रहा है, जिसे लेकर बीते दिनों धर्मशाला परिसर और कोतवाली थाने के भीतर भी दोनों पक्षों में हाथापाई भी हो चुकी है, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी सुनवाई सोमवार को है, तब तक शांति बनाए रखने पुलिस ने दोनों पक्ष को कहा। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े,
मामला शांत कराकर दी समझाईश : टीआई
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाइश दिया। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि जैन धर्मशाला में बीती रात विवाद की खबर मिलने के बाद मौके पर जाकर दोनों पक्षों को समझाईश देकर अलग-अलग किया गया था। जैन धर्मशाला का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को इसमे निर्णय आना है, तब तक शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है।







