कटनी

पूछताछ में आरोपी ने उगले चावल घोटाले के कई राज, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश, नान कार्यालय में रंगनाथनगर पुलिस की दबिश, दस्तावेजों की पड़ताल, कर्मचारियों से पूछताछ

कटनी, यशभारत। चावल गबन मामले में मुख्य आरोपी किशन केशरवानी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों दीपक जैन, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी से घोटाले को लेकर सघन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां पुलिस को दी है। उधर दूसरी तरफ रंगनाथनगर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को डन कॉलोनी स्थित नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने मामले से जुड़े अहम दस्तावेजों को एकत्र किया और यहां पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। इस घोटाले के सामने आने के बाद नागरिक आपूर्ति निगम ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को झुकेही रैक प्वाइंट पर लोडिंग-अनलोडिंग कार्य से पूरी तरह प्रतिबंधित करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है। पुलिस अब रिमांड के दौरान चावल की खेप गायब करने से लेकर उसे खपाने तक के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
नान कार्यालय में पहुंची रंगनाथनगर पुलिस
गुरूवार की शाम चावल घोटाले में चार लोगों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस भी एक्टिव मोड पर आ गई है। पुलिस ने आनन-फानन एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश शुरू करते हुए शुक्रवार की दोपहर नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय पहुंचकर प्रकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों की पड़ताल की। पुलिस टीम के नान कार्यालय पहुंचने से पूरे महकमे में हडक़ंप की स्थिति बनी रही। इस घोटाले में नान कार्यालय के कतिपय अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका होने की भी बात सामने आ रही है।
झुकेही रैक प्वाइंट में लोडिंग-अनलोडिंग प्रतिबंधित
वर्तमान समय में ट्रेन के माध्यम से अन्य जिलों में खाद्यान्न परिवहन का कार्य भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को मिला हुआ था। अब झुकेही रैक प्वाइंट पर फर्म के लोडिंग और अनलोडिंग कार्य को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। खाद्यान्न उठाव और परिवहन व्यवस्था प्रभावित न होए इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे ट्रांसपोर्टर को यह कार्य सौंप दिया गया है।
21 हजार 765 बोरों में भरा था चावल
इस मामले में कटनी जिले से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए ट्रकों के माध्यम से पीडीएस का चावल भेजा गया था। कुल 21 हजार 765 बोरों में भरे चावल का वजन 10 हजार 797ण्18 क्विंटल था, जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आरोप है कि गंतव्य जिलों तक पहुंचने से पहले ही चावल की खेप में हेराफेरी कर उसका गबन कर लिया गया।
जांच के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
प्रशासनिक जांच में अनियमितताओं और चावल गबन की पुष्टि होने के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर ने गुरुवार देर शाम रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर परिवहनकर्ता फर्म मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंसए चाकघाट के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चावल की बरामदगी और गबन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।
जल्द ही सींखचों के पीछे होंगे फरार आरोपी : सीएसपी
प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक अमिनेष द्विवेदी ने बताया कि रंगनाथ नगर थाने में एफआईआर होने के बाद ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय से रिमांड लेकर आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। श्री द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी है। जिसका सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को सींखचों के पीछे किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button