कटनी

सिंगल यूज प्लास्टिक पर कागजों में प्रतिबंध, अभियान भी महज दिखावा, खुले में पड़ी पॉलीथिन खाने से पशुओं की हो रही मौतें, लोगों में जागरुकता की कमी, बाजारों में खुलेआम हो रही बिक्री

कटनी, यशभारत। भले ही सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन इसके बावजूद कटनी शहर सहित समूचे जिले में पॉलीथीन की खुलेआम बिक्री की जा रही है और उपयोग किया जा रहा है। हालत ये हैं कि शहर में प्रतिदिन कई टन से अधिक प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का कारोबार हो रहा हैं। नियमों और निर्देशों के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा एक बार फिर पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। लोगों में जागरूकता का अभाव भी देखा जा रहा है। शहर में प्रतिदिन उपयोग के बाद कई क्विंटल पॉलीथिन कचरे के रूप में फेंकी जा रही है। ये कचरा खुले में पड़ा रहता है, जिसे आवारा मवेशी खा लेते हैं और बीमार होकर दम तोड़ देते हैं। जानकारी के अनुसार जिले में बिक रही प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। जानकारी होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। जिसके चलते पॉलीथीन का बेधडक़ उपयोग किया जा रहा है। गौरतलब है कि सरकार ने एक जुलाई 2022 से प्लास्टिक के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। प्रतिबंधित सूची में किराना बैग, खाद्य पैकेजिंग सामग्री, प्लास्टिक की बोतलें, ढक्कन, कंटेनर, कप, प्लेट, चम्मच, कांटा, चाकू, थर्मोकोल, 100 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक बैनर और स्टिकर सहित 19 प्रकार की प्लास्टिक सामग्री शामिल है। शहर में प्रतिदिन कई सौ टन कचरा निकलता है, जिसमें क्विंटलों की मात्रा में सिंगल यूज और अन्य प्लास्टिक शामिल होती है। दुकानों, होटलों, मैरिज गार्डन और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में इसका धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। हर दिन कई क्विंटल से अधिक प्लास्टिक कचरा सडक़ों और वाहनों के माध्यम से फेंका जाता है। कुछ पॉलीथिन ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंच रही है। जहां ग्रामीण लोग घरेलू सामान ले जाने में इसका उपयोग कर रहे हैं। सिंगल यूज पॉलीथिन नालियों को जाम कर रही है। जो गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को पूरी तरह अवरुद्ध कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button