उद्घाटन एक, दावेदार दो: अमृत 2.0 के प्लांट पर सियासी घमासान, महापौर के ‘सस्ती लोकप्रियता’ वाले तंज पर डिप्टी सीएम का पलटवार

रीवा । शहर में विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच श्रेय लेने की होड़ सामने आई है। अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 37 MLD क्षमता वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का एक ही दिन में दो बार लोकार्पण किया गया। पहले दोपहर में कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा ने फीता काटा। इसके बाद शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी विधिवत प्लांट का लोकार्पण किया।
इस घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति गरमा गई।दरअसल, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा शाम को किया जाना प्रस्तावित था। हालांकि, इससे पहले ही महापौर अजय मिश्रा ने एमआईसी सदस्यों और कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी में दोपहर को फीता काटकर प्लांट का लोकार्पण कर दिया।इस दौरान महापौर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ही काम का कई बार लोकार्पण किया जाता है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपना स्वास्थ्य विभाग छोड़कर नगर निगम के कामों में रुचि ले रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग की स्थिति बदहाल है। महापौर ने आरोप लगाया कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब काम नगर निगम का है, तो उसका लोकार्पण कोई और क्यों करेगा?
महापौर के लोकार्पण के बाद शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। उन्होंने भी फीता काटकर प्लांट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वर्चुअली जुड़े।
इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “काजल की कोठरी में रहना अलग बात है और कोठरी से बाहर बेदाग निकलना अलग बात है।”
राजेंद्र शुक्ल ने शायराना अंदाज में दिया जवाब
लोकार्पण को लेकर हुए विवाद पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शायराना अंदाज में कहा, “तमाशा करने वालों को क्या पता, कितने तूफानों को पार करने के बाद हमने दिया जलाया।”
उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम काम करने का कल्चर सभी के अंदर डबलअप हो रहा है, इसकी उन्हें खुशी है। इस तरह एक ही दिन में एक ही वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के दो बार लोकार्पण को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली।







