ब्रेकिंग : 4 करोड़ के चावल गबन मामले में मुख्य आरोपी किशन केशरवानी गिरफ्तार, पन्ना मोड़ से पकड़ाया आरोपी, अदालत ने 3 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा, तीन अन्य पार्टनर्स की तलाश जारी

कटनी, यशभारत। पीडीएस के चार करोड़ रुपये से अधिक कीमत के फोर्टिफाइड चावल की हेराफेरी और गबन के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी किशन केशरवानी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना मोड़ से आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस अब रिमांड के दौरान चावल की खेप गायब करने से लेकर उसे खपाने तक के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
रिमांड में पूछताछ से खुलेंगे गबन के राज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किशन केशरवानी (21) निवासी चाकघाट, जिला रीवा, विकास केशरवानी का पुत्र है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पीडीएस के चावल की खेप कहां उतारी गई, उसे किन लोगों के माध्यम से ठिकाने लगाया गया और इस पूरे मामले में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है। प्रकरण में शामिल तीन अन्य पार्टनर्स की तलाश भी तेज कर दी गई है।
21 हजार 765 बोरों में भरा था चावल
इस मामले में कटनी जिले से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए ट्रकों के माध्यम से पीडीएस का चावल भेजा गया था। कुल 21 हजार 765 बोरों में भरे चावल का वजन 10 हजार 797.18 क्विंटल था, जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आरोप है कि गंतव्य जिलों तक पहुंचने से पहले ही चावल की खेप में हेराफेरी कर उसका गबन कर लिया गया।
जांच के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
प्रशासनिक जांच में अनियमितताओं और चावल गबन की पुष्टि होने के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर ने गुरुवार देर शाम रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर परिवहनकर्ता फर्म मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस, चाकघाट के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) एवं 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चावल की बरामदगी और गबन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।







