पुरानी रंजिश का ‘खूनी खेल’ : 6 महीने की लुकाछिपी खत्म, इनामी बदमाश गिरफ्तार…. देखें पूरा वीडियो

दमोह। हत्या के प्रयास के मामले में छह माह से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को दमोह देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम हरद्वानी में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस आरोपी नरेंद्र पटेल की तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को ग्राम हरद्वानी में फरियादी नरेश पटेल के घर के पास पुरानी रंजिश एवं जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपियों ने फरियादी और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। आरोपियों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का भी आरोप है। फरियादी की शिकायत पर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 240/2026 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
इनामी आरोपी की लगातार की जा रही थी तलाश
घटना के बाद से ही नरेंद्र पिता केशव पटेल निवासी ग्राम हरद्वानी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक दमोह द्वारा एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। दमोह देहात पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस के सतत प्रयासों के बाद छह माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें उपनिरीक्षक रोहित द्विवेदी, चौकी प्रभारी नरसिंहगढ़, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र लोधी एवं आरक्षक आशुतोष नामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







