हाईवे पर खूनी रफ्तार, डंपर की टक्कर से चकनाचूर हुई पिकअप; चालक की मौत…जेसीबी से पिकअप को सीधा कर निकाला गया शव

रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र के रानीबाग के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब डंपर और पिकअप की भीषण टक्कर में चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद मेडिकल वेस्ट लेकर जा रही पिकअप सड़क पर पलट गई और चालक वाहन के नीचे दब गया। जिसके बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से पिकअप को सीधा कराया और तब कहीं जाकर चालक का शव बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान सुमित शुक्ला निवासी मनगवां, रीवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गुढ़ थाना पुलिस, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जेसीबी से सीधा कराया पिकअप वाहन
जानकारी के मुताबिक, पिकअप मेडिकल वेस्ट लेकर जा रही थी। इसी दौरान रानीबाग के पास सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद पिकअप पलट गई और चालक उसके नीचे दब गया। जेसीबी की मदद से वाहन को सीधा कर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच कर रही है।







