पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, इलाके में दहशत, छोला मंदिर क्षेत्र की नगर निगम मल्टी के पास मिला शव

पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, इलाके में दहशत, छोला मंदिर क्षेत्र की नगर निगम मल्टी के पास मिला शव
कुछ दिन पहले ही परिवार के कई सदस्यों का हुआ था कत्ल
भोपाल, यश भारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां नगर निगम की मल्टी के पास एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कुछ ही दिनों के अंतराल में मालीखेड़ी में हुई इस दूसरी बड़ी वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई है।
सुबह स्थानीय लोगों ने मल्टी के पास युवक का रक्तरंजित शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए छोला मंदिर थाना पुलिस के साथ डीसीपी जोन-4 भी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि हमलावरों ने किसी भारी पत्थर से सिर पर कई वार कर युवक को मौत के घाट उतारा है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और हमलावरों का सुराग मिल सके। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही मालीखेड़ी में एक ही परिवार के कई लोगों की हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई थी। एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







