मुख्य ख़बरें

बड़ी खबर : पराली के ढेर से मिले करीब 4 करोड़ रुपये, तीन बोरियों में छिपाकर रखी थी रकम, नागपुर लूटकांड से जुड़ रहे बरामद रकम के तार, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश पुलिस कर रही जांच

बालाघाट। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां खेत में रखे पराली के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई तीन बोरियों से करीब चार करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में बरामद रकम के तार महाराष्ट्र के नागपुर में हुई लूट की वारदात से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बालाघाट जिले के डोरली माल बस्ती और तालाब के बीच स्थित एक खेत में पराली का ढेर लगाया गया था। इसी पराली के नीचे तीन बोरियों में करोड़ों रुपये छिपाकर रखे गए थे। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 15 दिनों से अरविंद, सीताराम और मनोज देरवाल के खेत में पराली रखी हुई थी। इसी दौरान किसी ने इतनी बड़ी रकम वहां छिपा दी थी।

19 नवंबर को नागपुर में हुई थी लूट

महाराष्ट्र पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, 19 नवंबर को नागपुर में एक घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस अब बालाघाट में बरामद करीब चार करोड़ रुपये को इसी लूटकांड से जोड़कर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि लूट की वारदात के बाद रकम को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए खेत में पराली के नीचे छिपाया गया होगा।

दोनों राज्यों की पुलिस कर रही जांच

खेत में पराली के ढेर के नीचे इतनी बड़ी रकम किसने छिपाई और इसके पीछे क्या वजह थी, यह फिलहाल जांच का विषय है। महाराष्ट्र पुलिस और मध्यप्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस बरामद रकम के स्रोत, इसमें शामिल लोगों और नागपुर लूटकांड से इसके संबंधों की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल इस मामले में जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में छिपाई गई करोड़ों रुपये की रकम वास्तव में नागपुर लूटकांड की है या इसके पीछे कोई अन्य मामला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button