देश

सायबर ठगी : मोबाइल हैक कर मंडी व्यापारी के बैंक खाते से उड़ाये 70 हजार, कुठला थाने में शिकायत दर्ज

मोबाइल की बैटरी अचानक खत्म हुई, फोन गर्म मिला, चालू करने पर डेटा गायब और खाते से रकम कटने का मैसेज आया

कटनी, यशभारत। शहर में साइबर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है, जहां कृषि उपज मंडी रोड निवासी मंडी व्यापारी ओमप्रकाश प्यासी के मोबाइल को कथित तौर पर हैक कर उनके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। अचानक हुई इस ऑनलाइन ठगी से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मामले की शिकायत कुठला थाने में दर्ज कराई गई है।
ओमप्रकाश प्यासी के मुताबिक, घटना वाले दिन उन्होंने अपने मोबाइल की बैटरी पूरी तरह चार्ज की थी और इसके बाद घर से मंडी के लिए रवाना हुए थे। मोबाइल सामान्य रूप से काम कर रहा था, लेकिन मंडी पहुंचने के कुछ घंटे बाद जब उन्होंने फोन देखा तो उसकी बैटरी पूरी तरह खत्म हो चुकी थी। उन्हें फोन असामान्य रूप से गर्म भी महसूस हुआ, जिससे उन्हें कुछ संदेह हुआ। इसके बाद जब उन्होंने मोबाइल को दोबारा चार्ज कर चालू किया, तो फोन का सारा डेटा गायब मिला। इसी दौरान उनके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश भी सामने आया। बैंक खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही वे सकते में आ गए और उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पीड़ित का कहना है कि मोबाइल में मौजूद डेटा गायब होना, फोन का अचानक गर्म होना और बैंक खाते से रकम निकल जाना, किसी साइबर अपराधी द्वारा मोबाइल हैक कर ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने की ओर संकेत करता है। आशंका है कि मोबाइल में सेंध लगाकर बैंकिंग संबंधी जानकारी का दुरुपयोग किया गया और खाते से रकम निकाल ली गई। घटना के बाद ओमप्रकाश प्यासी ने कुठला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर में लगातार सामने आ रहे साइबर अपराध के मामलों ने मोबाइल और ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने या बैंक खाते से अनधिकृत रकम निकलने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना देने की जरूरत है।FB IMG 1795501831959

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button