मुख्य ख़बरें

रफ्तार का खौफनाक तांडव: बेकाबू कार ने बाइक सवारों को 100 मीटर तक घसीटा, जीजा-साले समेत 3 की दर्दनाक मौत

सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान टक्कर इतनी तेज थी कि कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और फिर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार जीजा-साले समेत तीनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक और सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। वही मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24)  बिरसिंहपुर में अपनी ससुराल के शादी समारोह में शामिल होने गया था और समारोह के बाद वह अपने जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और साथी रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती, कोलगवां के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही कार (MP ZR 8610) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।बाइक को टक्कर मारने के बाद कार तीनों को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई और  सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे खंभा टूट गया।

तीसरे की रास्ते में मौत

हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण को पुलिस तुरंत बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक व सवार लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
तीनों युवक सतना में काम करते थे और शादी समारोह से लौट रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button