खुशियों में पसरा मातम : लॉज में युवती की संदिग्ध मौत, जन्मदिन मनाने परिवार के साथ आई थी

सतना, मैहर। देवीजी रोड स्थित आस्था लॉज में बीती रात एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती अपने परिवार के सदस्यों और सगी बहन के साथ जन्मदिन मनाने मैहर आई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के बाद उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद युवती के साथ मौजूद परिजन उसे अस्पताल से ले जाने की जिद करने लगे। हालांकि चिकित्सकों ने पुलिस के पहुंचने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और रक्तस्राव की वजह क्या थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस लॉज में ठहरने, घटना से जुड़े घटनाक्रम और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।







