पिस्टल और तीन कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

जबलपुर। यशभारत। लार्डगंज पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को देशी पिस्टल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर हथियार कहां से और किस उद्देश्य से हासिल किया गया, इसकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में लार्डगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 4 अक्टूबर की रात जीरो डिग्री बायपास के पहले आम रोड पर ट्रांसफार्मर के पास छोटी पुलिया के समीप एक युवक पिस्टल लेकर खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश कुशवाहा (21), निवासी ग्राम मंगेली-मंगेला, थाना माढ़ोताल बताया। तलाशी लेने पर उसकी जींस की बाईं जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में तीन कारतूस लोड थे।
पुलिस ने पिस्टल और तीन कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार और कारतूस कहां से हासिल किए तथा वह इन्हें लेकर किस उद्देश्य से घूम रहा था।







