ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खनिज निवेश पर बड़ा दांव: कैबिनेट में चार अहम प्रस्तावों पर मंथन, चुनाव टलने से प्रशासकों के भरोसे सहकारिता

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खनिज निवेश पर बड़ा दांव: कैबिनेट में चार अहम प्रस्तावों पर मंथन, चुनाव टलने से प्रशासकों के भरोसे सहकारिता
भोपाल, यशभारत।गुरु नानक जयंती के सरकारी अवकाश के चलते मंगलवार के बजाय सोमवार को आयोजित हो रही प्रदेश कैबिनेट की बैठक में सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की साख, बिजली पहुंच और खनिज निवेश को एक साथ साधने की रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में चार प्रमुख प्रस्ताव रखे जा रहे हैं, जिनका सीधा असर गांवों के किसानों, नए आवासों और प्रदेश के राजस्व ढांचे पर पड़ सकता है।
सहकारी क्षेत्र में लंबित चुनावों की समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव सबसे अहम माना जा रहा है। मध्य प्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम-1960 के तहत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं, विपणन समितियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव आगे बढ़ने से फिलहाल कमान प्रशासकों के हाथों में ही रहने के संकेत हैं। इसके पीछे मुख्य वजह समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी, खाद-बीज वितरण और किसानों से जुड़ी जरूरी सेवाओं को निर्बाध रखना बताया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कामकाज न ठहरे।
किसानों की ऋण जरूरतें पूरी करने के लिहाज से कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को शासकीय अंश पूंजी सहायता देने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। इस मदद से बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधरने और पूंजी पर्याप्तता अनुपात को मानकों के अनुरूप लाने में मदद मिलेगी, जिससे खाद-बीज और खेती-किसानी के लिए समय पर ऋण उपलब्धता आसान हो सकती है।
ग्रामीण बुनियादी ढांचे को विस्तार देने के लिए नए मजरे-टोलों और आबादी बढ़ने के साथ बने उन घरों तक बिजली पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी, जो अब तक विद्युतीकरण से वंचित हैं। बिजली वितरण कंपनियों के जरिए खंभे और लाइनें पहुंचने से घरेलू कनेक्शन मिलने के साथ छोटे व्यावसायिक कार्यों को भी सहारा मिलेगा।
इसके समानांतर प्रदेश में खनन क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए राज्य खनिज अन्वेषण नीति-2026 को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। नई नीति के तहत नए खनिज भंडारों की वैज्ञानिक खोज पर जोर रहेगा, जिससे निजी और सरकारी एजेंसियों की भागीदारी बढ़ने के साथ निवेश, रोजगार और खनिज राजस्व में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।







