बिसलेरी के पानी पर उठे सवाल! लैब टेस्ट में गुणवत्ता फेल, कंपनी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी FSSAI की कार्रवाई से मचा हड़कंप, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत चलेगा मुकदमा

बिसलेरी के पानी पर उठे सवाल! लैब टेस्ट में गुणवत्ता फेल, कंपनी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी
FSSAI की कार्रवाई से मचा हड़कंप, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत चलेगा मुकदमा
भोपाल,यश भारत/नई दिल्ली। देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के भरोसेमंद ब्रांड के रूप में पहचानी जाने वाली बिसलेरी को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। कंपनी के पानी की गुणवत्ता जांच में कथित तौर पर मानकों पर खरा नहीं उतरने के बाद खाद्य सुरक्षा से जुड़ी नियामक कार्रवाई की खबर ने उपभोक्ताओं के बीच चिंता बढ़ा दी है। जांच के दौरान पहले नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट (Bromate) पाया गया। इसके बाद कंपनी की अपील पर नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां दोबारा जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। दूसरी प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित घोषित किया। FSSAI के मुताबिक, दोनों जांचों के निष्कर्ष खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन को दर्शाते हैं। इसी आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। इस कार्रवाई के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि जांच बिसलेरी के परिसर से लिए गए एक नियामकीय नमूने की हुई थी। इसका अर्थ यह नहीं है कि कंपनी के सभी उत्पाद या बाजार में उपलब्ध हर बोतल असुरक्षित है। फिलहाल कंपनी की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है।







