साइन किए चेक में रकम भरकर कैशियर ने निकाले 7.50 लाख रुपये, गिरफ्तार
जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत। मदनमहल थाना क्षेत्र में एक निजी फर्म की महिला कैशियर द्वारा संचालक और उनके परिजनों के हस्ताक्षर वाले चेक का दुरुपयोग कर 7 लाख 50 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 24 वर्षीय कैशियर खुशबू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के घर से गबन की पूरी रकम बरामद कर ली गई है। शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गोरखपुर निवासी 58 वर्षीय विकास नेमा का पुराना बस स्टैंड स्थित सुखेजा टावर में विक्रांत ग्रुप के नाम से कार्यालय है। रजा चौक, हनुमानताल निवासी खुशबू चौधरी पिछले करीब 10 महीने से फर्म में कैशियर के पद पर काम कर रही थी। इस दौरान उसे फर्म के वित्तीय लेनदेन और बैंक संबंधी कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी जिम्मेदारी का फायदा उठाकर उसने फर्म संचालक और उनके परिवार के सदस्यों के पहले से हस्ताक्षर किए हुए चेक का दुरुपयोग किया। आरोप है कि खुशबू ने इन चेकों में मनमानी रकम भरकर अलग-अलग बैंक शाखाओं में जमा किए और खातों से रुपये निकाल लिए। इस तरह उसने कुल 7 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पंजाब नेशनल बैंक की विजयनगर और अधारताल शाखाओं से भाभी अनीता नेमा के खाते में जारी चेक के जरिए 50-50 हजार रुपये निकाले। इस प्रकार दोनों शाखाओं से कुल एक लाख रुपये निकाले गए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा की राइट टाउन शाखा से भी तीन अलग-अलग खातों को निशाना बनाया गया।यहां से भाई विक्रांत नेमा के खाते से दो लाख रुपये, पत्नी मंजरी नेमा के खाते से दो लाख रुपये और बेटे अंश नेमा के खाते से ढाई लाख रुपये निकाले गए। इस तरह अलग-अलग बैंक खातों से निकाली गई रकम का कुल आंकड़ा 7 लाख 50 हजार रुपये तक पहुंच गया। मामले का खुलासा 20 नवंबर को हुआ, जब दोपहर करीब 12:30 बजे पंजाब नेशनल बैंक की मदनमहल शाखा से मंजरी नेमा के पास फोन पहुंचा। बैंक कर्मचारियों ने चेक की पुष्टि करने के लिए उनसे संपर्क किया था। मंजरी जब बैंक पहुंचीं तो पता चला कि दो अन्य लोग भी चेक भुनाने के लिए पहुंचे हैं। इसके बाद परिवार को खातों से निकाली गई रकम की जानकारी मिली और पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया।विकास नेमा की शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कैशियर खुशबू चौधरी की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसके कब्जे से गबन की गई पूरी 7 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई।







