Top-5जबलपुरदेशमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

नीतीश सेतु का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, 34,470 करोड़ की 227 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

नई दिल्ली, एजेंसी

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पुल पर पैदल चलकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और जनसभा में पारंपरिक बिहारी अंदाज में गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने बिहार को 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इनमें कई राजमार्ग, ऊर्जा परियोजनाएं और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

करीब नौ किलोमीटर से अधिक लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के राघोपुर और बिदुपुर से जोड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम नीतीश सेतु रखा गया है। पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले की तुलना में आसान होगा। इसके साथ ही महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। इस पुल को क्षेत्र के परिवहन और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में विकास और निवेश के बदलते माहौल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश के आंकड़ों की बात हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है और वर्तमान सरकार उनके विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश सेतु केवल एक पुल नहीं, बल्कि बिहार के दो बड़े हिस्सों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इससे राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही किसानों की उपज, फल, सब्जियां और अन्य सामान बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बेहतर होगी।करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 19.7 किलोमीटर है। इसमें 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर पहुंच मार्ग शामिल हैं। इसके शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने तथा उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटने की उम्मीद है।इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं का संबंध सड़क, बिजली, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से है।ऊर्जा क्षेत्र में बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा बिजली वितरण और पारेषण से जुड़ी योजनाओं को भी शुरू किया गया। सड़क क्षेत्र में औरंगाबाद-चोरदाहा, चोरमा-बैरगनिया और उमगांव-सहरसा मार्गों के चौड़ीकरण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाकर अभिवादन किया। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button