तीन जिलों के चेस्ट से आए 28 नकली नोटों की कड़ियां जोड़ने में जुटी जांच

आरबीआई के पत्र पर एमपी नगर पुलिस की एफआईआर, तीन जिलों के चेस्ट से आए 28 नकली नोटों की कड़ियां जोड़ने में जुटी जांच
भोपाल, यश भारत। तीन जिलों के बैंक करेंसी चेस्ट से भारतीय रिजर्व बैंक तक 100-100 रुपए के 28 नकली नोट पहुंचने के मामले में एमपी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अक्टूबर में आरबीआई की जांच में पकड़े गए 2,800 रुपए मूल्य के इन नकली नोटों को लेकर 16 नवंबर को आरबीआई के इश्यू डिपार्टमेंट ने एमपी नगर पुलिस को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा था।
चार खेप में पहुंची नकदी, जांच के दायरे में बैंकिंग कड़ी
आरबीआई तक पहुंचे सभी 28 नोट 100 रुपए की पुरानी सीरीज के हैं, जो चार अलग-अलग खेप में आए। इनमें एसबीआई मुंगावली से दो खेप में कुल 17 नोट पहली खेप में 11 और दूसरी में 6 एसबीआई भिंड से 5 नोट और पीएनबी इंदौर से 6 नकली नोट शामिल हैं। आरबीआई के करेंसी वेरिफिकेशन एंड प्रोसेसिंग सिस्टम में मशीनों के जरिए दोबारा जांच के दौरान ये नोट नकली पाए गए। आरबीआई ने पुलिस को संबंधित दस्तावेज और नोटों की सूची सौंपते हुए पत्र में भारतीय न्याय संहिता की धारा 178 से 182 का उल्लेख किया है।
पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि ये नोट कहां छापे गए, बाजार में किसने चलाए और मुंगावली, भिंड व इंदौर के करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि बैंकिंग प्रक्रिया के किस स्तर पर ये नोट पकड़ में नहीं आए। जांच के तहत नोटों के कागज, प्रिंटिंग और सुरक्षा चिह्नों की पड़ताल भी की जाएगी।
भोपाल में पहले भी नकली नोटों से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। 15 नवंबर 2025 को करोंद की कोरल लाइफ कॉलोनी के किराए के मकान से 500 रुपए के नकली नोट छापने का खुलासा हुआ था। हालांकि, पुराने मामलों का इस मौजूदा प्रकरण से कोई संबंध अभी सामने नहीं आया है।







