भोपाल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद अब 30 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

भोपाल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद अब 30 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
खजुराहो के पारे में गिरावट, अगले 3-4 दिनों में लू से मिलेगी राहत; उत्तर-पूर्वी हिस्सों में दिखेगा मौसम का बदला मिजाज।
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी भोपाल में पारा 43.7°C के रिकॉर्ड स्तर तक पहुँचने के बाद अब मौसम विभाग ने प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में झमाझम बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, एक नए चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में गिरावट आएगी और लू का प्रभाव खत्म हो जाएगा।
इन जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने रीवा, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग सहित प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इनमें मुख्य रूप से: ग्वालियर-चंबल: भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर। बुंदेलखंड-बघेलखंड: सागर, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली। अन्य क्षेत्र: विदिशा, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। इस सिस्टम की वजह से अरब सागर से नमी आ रही है, जो उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश और आंधी का कारण बनेगी। राहत की बात यह है कि खजुराहो, जो अब तक प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ था, वहां भी तापमान कम होना शुरू हो गया है।
इंदौर-उज्जैन में अभी राहत की उम्मीद कम
जहां एक ओर प्रदेश का बड़ा हिस्सा भीगने को तैयार है, वहीं पश्चिमी और दक्षिणी मध्य प्रदेश में अभी गर्मी के तेवर बरकरार रहेंगे। इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। यहाँ फिलहाल बारिश के आसार कम हैं और उमस परेशान कर सकती है।







