कटनी

गृह सचिव की भूमिका भी सवालों के घेरे में, पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ी, इनाम की राशि बढक़र 30 हजार

कटनी, यशभारत। जमीन सौदबाजी मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में फरारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की राशि 20 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है। वहीं दूसरी तरफ निलंबित अधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने में हुई देरी को लेकर गृह सचिव की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फाइल में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक ई-फाइल प्रणाली में आरोप पत्र से संबंधित फाइल लंबे समय तक गृह सचिव के पास लंबित रही। इसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि फाइल में देरी करने अथवा कार्रवाई रोकने का प्रयास करने वाले अधिकारी की पहचान की जाए और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। अब इस मामले में गृह सचिव की भूमिका को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विदित हो कि इस मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ ने पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया की एफआईआर निरस्त करने संबंधी याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने माना कि मामले में लगाए गए गंभीर आरोपों, वित्तीय लेनदेन और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष एवं गहन जांच आवश्यक है। इसके बाद आरोपियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन तीनों आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button