बड़ी खबर : सरकारी विकास के दावों की खुली पोल : ग्रामीणों ने खुद ही बना दिया नदी पर रास्ता!

वर्षों से पुल निर्माण की मांग अनसुनी, हर साल ग्रामीणों के श्रमदान से बनती है अस्थायी पुलिया
मंडला। सरकारें विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन वनांचल के गांवों में आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को खुद संघर्ष करना पड़ रहा है। इसकी एक तस्वीर मवई से डिंडोरी को जोड़ने वाले मार्ग पर कौड़िया और ढोलबीजा के बीच स्थित बुडमेर नदी में देखने को मिल रही है। वर्षों से स्थायी पुल निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों ने जब शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं देखी तो स्वयं मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान से नदी पर अस्थायी पुलिया का निर्माण कर दिया है और अब इस मार्ग पर आवागमन भी शुरू हो गया है।
सवाल यह है कि जब ग्रामीण अपने श्रम और संसाधनों से हर साल रास्ता बना सकते हैं, तो सरकार वर्षों में एक स्थायी पुल क्यों नहीं बना सकी? बुडमेर नदी पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन ग्रामीणों की यह मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
इस पुल का निर्माण मवई वनांचल के लिए विकास की एक बड़ी कड़ी साबित हो सकता है। वर्तमान में मवई से डिंडोरी जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लोगों को 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी पड़ती है। बुडमेर नदी पर पक्का पुल बन जाने से यह दूरी काफी कम होकर लगभग एक घंटे में तय की जा सकेगी। इससे डिंडोरी जिले के अमरपुर और समनापुर क्षेत्र के साथ मवई तथा धनगांव सहित आसपास के गांवों का सीधा संपर्क आसान हो जाएगा।







