Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

शहर में ‘नो-एंट्री’ का उड़ रहा खुला माखौल, सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे ‘यमदूत’

जबलपुर,यशभारत। संस्कारधानी की सड़कों पर इन दिनों यातायात नियमों का नहीं, बल्कि बेलगाम भारी वाहनों और रेत-गिट्टी माफियाओं का राज चल रहा है। शहरवासियों की सुरक्षा और सुगम यातायात के नाम पर लागू किए गए ‘नो-एंट्री’ के नियम महज सरकारी फाइलों और दिखावटी अभियानों तक सिमट कर रह गए हैं। पुलिस और प्रशासन की चार दिन की तथाकथित सख्ती के बाद कार्रवाई पूरी तरह ठंडे बस्ते में जा चुकी है। हालात यह हैं कि दिन के उजाले में, व्यस्ततम समय के दौरान शहर की मुख्य सड़कों पर विशालकाय डंपर, हाईवा और मालवाहक ट्रक ‘यमदूत’ बनकर बेखौफ दौड़ रहे हैं, जबकि जिम्मेदार तंत्र आंखें मूंदे बैठा है।

क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?

शहर की जनता के बीच आज यह सबसे तीखा और चुभता हुआ सवाल गूंज रहा है कि क्या यातायात विभाग और जिला प्रशासन किसी बड़े व वीभत्स सड़क हादसे का इंतजार कर रहे हैं? शहर का पुराना इतिहास गवाह है कि जब भी किसी बेगुनाह की सड़क पर जान जाती है या जनता का आक्रोश सड़कों पर फूटता है, तभी प्रशासन की नींद टूटती है। इसके बाद महज दो-चार दिन तक चौराहों पर खड़े होकर कैमरों के सामने चालानी कार्रवाई का नाटक किया जाता है। जैसे ही मामला ठंडा पड़ता है, चेकिंग पॉइंट्स से जवान नदारद हो जाते हैं और भारी वाहन चालक सिस्टम को ठेंगा दिखाते हुए फिर से शहर के भीतर घुसपैठ शुरू कर देते हैं।

नाकों पर ‘सेटिंग’ का खेल या घोर लापरवाही?

प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार शहर में सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध है। इसके बावजूद ये भारी-भरकम वाहन शहर के बाहरी नाकों को पार कर बीच बाजारों और मुख्य मार्गों तक कैसे पहुंच रहे हैं, यह अपने आप में एक बड़ा और गंभीर सवाल है। शहर के प्रवेश द्वारों और नो-एंट्री पॉइंट्स पर तैनात अमले की भूमिका पूरी तरह संदेह के घेरे में है। स्थानीय नागरिकों का सीधा आरोप है कि मंडी व्यापारियों की सुविधा के लिए फल और सब्जी लाने वाले वाहनों को सुबह 10 बजे तक जो छूट दी गई है, उसी की आड़ में रेत, गिट्टी और निर्माण सामग्री से लदे डंपरों को खुली छूट दे दी गई है।

मासूम स्कूली बच्चों और आमजन की जान से सीधा खिलवाड़

सुबह 7 बजे से 10 बजे का समय शहर के लिए सबसे संवेदनशील होता है। इसी वक्त हजारों मासूम स्कूली बच्चे, कॉलेज छात्र और दफ्तर जाने वाले कर्मचारी सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे समय में संकरी और व्यस्त सड़कों पर इन बेलगाम डंपरों की आवाजाही से हर पल मौत का साया मंडराता रहता है। भारी वाहनों के कारण न केवल मुख्य चौराहों पर घंटों भीषण जाम लग रहा है, बल्कि इनसे उड़ने वाली धूल और प्रदूषण ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए सड़क पर चलना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

जनता में आक्रोश, उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्रशासन की इस लचर और दिखावटी कार्यप्रणाली को लेकर शहर के नागरिक संगठनों, व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शहरवासियों का कहना है कि केवल कागजी आदेश जारी करने और महीने में एक बार फोटो खिंचवाने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। लोगों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि यातायात पुलिस और जिला प्रशासन ने तत्काल नो-एंट्री का कड़ाई से पालन नहीं कराया और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की, तो जनता सड़कों पर उतरकर जिम्मेदारों का घेराव करने को बाध्य होगी।

1794729204 WhatsApp Image 2026 11 15 at 13.16.38

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button