विधानसभा में गूंजेगा बरही अग्निकांड, प्रभावित परिवार से मिले पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कटनी में पत्रकारों से बोले – सरकार और कटनी प्रशासन का रवैया गैरजिम्मेदाराना, कटनी में कांग्रेस नेता का आत्मीय स्वागत
अरुण यादव बोले मिशन 2028 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, हर बूथ की निगरानी के लिए तैनात होंगे वोट रक्षक, आरोप - एमपी में माफिया राज


कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा कि बरही में हुए अग्निकांड में 2 माह के मासूम समेत 6 लोगों के जिंदा जलने की घटना में कटनी जिला प्रशासन का रवैया बेहद गैरजिम्मेदाराना रहा है। प्रदेश सरकार के स्तर पर भी दोषियों के खिलाफ अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि कितनी शर्मनाक बात है कि आग फैलने से रोकने के उपाय करने में नगर परिषद और दमकल दस्ते फेल साबित हुए। उन्होंने घटना के बाद जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस बरही अग्निकांड के मामले को विधानसभा में उठाएगी।
एक सवाल के जवाब में अरुण यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। सागर में शराब से मौतों के बाद भी जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी। प्रदेश में शराब माफिया, रेत माफिया, खनन माफिया के साथ भ्रष्टाचार भी चरम पर है। किसानों को खाद बीज नहीं मिल पा रहा। रोजगार के साधन बंद होते जा रहे हैं। उद्योगपति दूसरे राज्यों की ओर देखने लगे हैं। इस सरकार ने हर वर्ग को मुसीबत में डाल दिया है। अरुण यादव ने कहा कि पूरी कांग्रेस एकजुट है और मिशन 2028 की तैयारी में जुट चुकी है। श्री यादव ने कांग्रेस नेता राकेश जैन कक्का एवं दानिश अहमद के निवास पर पत्रकारों से बातचीत की।
बरही में अग्निकांड प्रभावित परिवार से मिले अरुण यादव
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने इसके पहले बरही पहुंचकर अग्निकांड से प्रभावित अग्रवाल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस दुखद हादसे की जानकारी ली तथा दिवंगत सदस्यों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और अग्निकांड के दौरान लापरवाही बरतने वालों को सजा दिलाकर रहेगी।
कटनी में कांग्रेस नेता का आत्मीय स्वागत
बरही से कटनी पहुंचने पर अरुण यादव का कांग्रेसजनों ने आत्मीय स्वागत किया। कटनी आकर वे पहले नई बस्ती स्थित कांग्रेस नेता राकेश जैन के कार्यालय पहुंचे। यहां आदित्य जैन और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की। इसके उपरांत अरुण यादव मिशन चौक स्थित स्व फिरोज अहमद के निवास पहुंचे जहां उनके बेटे दानिश अहमद और परिजनों समेत कांग्रेस नेताओं ने उनकी अगवानी की। यहां जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिथलेश जैन, ठाकुर गुमान सिंह, करण सिंह चौहान, विजय पटेल, गुलाम जाफर, लिप्पू भाई, अब्दुल कादिर मुन्ना भाईजान, संदीप पप्पू बाजपेयी, मनु दीक्षित, ज़ालिम यादव, राजा जगवानी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, अदिता वर्मा, शशि यादव, पंकज गौतम, जार्ज डेविड, शाहिद हुसैन, शहज़ाद हुसैन रिज़वी, वेंकटेश गौड़, नीरज अग्रवाल, अजय वर्मा, विजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, सुरेन्द्र दुबे, शक्ति सुधीर तिवारी, गोलू खान, सचिन यादव, विमलेंद्र तिवारी विजय पटेल, संतोष यादव, प्रमोद पटेल,श्याम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति रही। अरुण यादव रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल रवाना हुए।








