मुख्य ख़बरें

फ्रिज फटने से मकान में लगी भीषण आग : आग के गोले में तब्दील हो रहे घर से डायल-112 ने निकाला परिवार, दो सिलेंडर भी किए बाहर

दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदरा मस्जिद के पास बुधवार देर रात एक मकान में फ्रिज फटने के बाद आग लग गई। आग ने घर में रखे फ्रिज, टीवी और कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इतना ही नहीं, घर में रखे दो गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना 18 नवंबर की रात 2 बजकर 21 मिनट पर राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को मिली थी। सूचना मिलते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात आरक्षक देवेश तिवारी एवं दुर्गेश पाठक ने तत्काल FRV-04 और FRV-01 को घटनास्थल के लिए रवाना किया। वहीं कंट्रोल रूम के प्रधान आरक्षक जुनैद मिर्जा एवं आरक्षक कैलाश ने थाना कोतवाली, फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग को सूचना देकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।

मौके पर पहुंची FRV-04 के आरक्षक रानू राय एवं पायलट हरिशंकर तथा FRV-01 के आरक्षक भूपेंद्र पांडे एवं पायलट अनिल आठिया ने देखा कि मकान के अंदर आग फैल रही थी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पहले घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर जान जोखिम में डालकर घर में रखे दोनों गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकाल लिया।

इसी बीच फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। विद्युत विभाग की टीम ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर दी। घटनास्थल पर कोतवाली थाना की बाज मोबाइल-02, दमोह देहात थाना के गश्त अधिकारी और शहर गश्त अधिकारी भी पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई की।

समय पर पहुंची टीम, बची कई जानें

डायल-112 और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, साहस एवं सूझबूझ से आग की चपेट में आए लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घर में रखे गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकालने से बड़े विस्फोट और संभावित जनहानि का खतरा भी टल गया। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button