30 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा, 30 लाख हड़पे; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर,यशभारत। वेयर हाउस पर 30 करोड़ रुपये का लोन दिलाने और उसमें अनाज का भंडारण करवाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में मझोली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार मझोली थाना क्षेत्र के काकरदेही, सिहोरा रोड निवासी नरेंद्र सिंह परिहार की पहचान अभिमन्यु चौक पनागर निवासी देवेंद्र सिंह ठाकुर और बालाघाट जिले के बारासिवनी निवासी जितेंद्र सिंह ठाकुर से थी। दोनों आरोपियों ने नरेंद्र सिंह को बताया कि उनकी पत्नी आराधना सिंह परिहार के नाम पर दर्ज ओम साईराम वेयर हाउस पर 30 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत करवा देंगे। इसके साथ ही वेयर हाउस में अनाज का भंडारण भी करवाने का भरोसा दिया। इस काम के एवज में आरोपियों ने 30 लाख रुपये की मांग की।
उनके झांसे में आकर नरेंद्र सिंह ने लोन दिलाने के लिए दोनों आरोपियों को 30 लाख रुपये दे दिए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो लोन की व्यवस्था कराई गई और न ही वेयर हाउस में अनाज का भंडारण शुरू करवाया गया। जब फरियादी ने अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया। इस तरह आरोपियों ने कथित तौर पर 30 लाख रुपये हड़पकर धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर मझोली पुलिस ने देवेंद्र सिंह ठाकुर और जितेंद्र सिंह ठाकुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 558/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(2), 318(3), 318(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर 17 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी देवेंद्र सिंह ठाकुर (34) निवासी अभिमन्यु चौक, पनागर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को धोखाधड़ी से जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी और विस्तृत पूछताछ के लिए न्यायालय सिहोरा में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब दूसरे आरोपी जितेंद्र सिंह ठाकुर की तलाश में जुटी है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।







