भेड़ाघाट में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, सात जुआरी गिरफ्तार

जबलपुर,यश भारत। भेड़ाघाट पुलिस ने जुए के फड़ पर दबिश देकर सात जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 47 हजार 220 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोपालपुर स्थित महामृत्युंजय मंदिर के पीछे कार्यलेण्ड क्षेत्र में कुछ लोग रोशनी के बीच ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना पर भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर सात लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अतुल जैन (45), वीर जैन (42), नितिन जैन (40), रितिक जैन (45), नितिन कुमार पांडे (37), मनीष खेमानी (44) और विजय नगवानी (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुए के फड़ से नकदी व ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।







