कटनी

सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं सराफा व्यापारियों की बैठक, सीसीटीव्ही कैमरे, रात्रि गश्त, कर्मचारियों का सत्यापन एवं दुकानों की सुरक्षा पर चर्चा

कटनी, यशभारत। शहर के मध्य स्थित सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने थाना कोतवाली कटनी परिसर में पुलिस एवं सराफा व्यवसायियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं शहर के प्रमुख सराफा व्यवसायी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा उपस्थित व्यवसायियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा सराफा बाजार में कार्यरत कारीगरों एवं कर्मचारियों, विशेषकर बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के उपरांत ही काम पर रखने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त सराफा दुकानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने हेतु निम्नलिखित सुझाव दिए गए। दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीव्ही कैमरे स्थापित किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।दुकानों में मजबूत एवं सुरक्षित लॉकर तथा डबल इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाया जाए। चोरी की घटनाओं से बचाव हेतु थेफ्ट अलार्म एवं अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। दुकानों में पुराने सोने-चांदी के जेवरात बेचने आने वाले व्यक्तियों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी लेकर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। सराफा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। बाजार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात्रि गश्त एवं पुलिस निगरानी को प्रभावी बनाने के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में सभी सराफा व्यवसायियों द्वारा पुलिस प्रशासन के सुझावों पर अमल करने तथा सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं सराफा व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं व्यापारियों दोनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button