घर के आंगन में उगा रखे थे गांजे के 38 पौधे, पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार, 27 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त

कटनी/पन्ना, यशभारत। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। अजयगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने घर के आंगन में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से गांजे के 38 हरे पौधे बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन 27 किलो 350 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 नवंबर को अजयगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनहरीखुर्द निवासी गणेश सिंह पिता अमान सिंह अपने घर के आंगन में गांजे के पौधे लगाकर अवैध खेती कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान एवं एसडीओपी अजयगढ़ अरविंद्र सिंह दांगी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
घर के आंगन की तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे के कुल 38 हरे पौधे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर उनका कुल वजन 27 किलो 350 ग्राम पाया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी गणेश सिंह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 615/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अजयगढ़ उनि संतोष सिंह यादव, सउनि अशोक गौतम, प्र. आर. धीरेन्द्र सिंह, इंदर सिंह, म.प्र.आर. राजकुँवर राजपूत, आर. मनोज पटेल, रोहित मिश्रा, कपिल अहिरवार, विनोद अहिरवार, भूपाल सिंह, अमित यादव, बृजेन्द्र पायक, शुभम शुक्ला, रामनरेश गुप्ता, एवं महिला आरक्षक नेहा विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।






