महापौर जनसुनवाई; अधिकारियों को मौके पर किया तलब
समय-सीमा तय कर निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

महापौर जनसुनवाई; अधिकारियों को मौके पर किया तलब
महापौर ने आवेदनों पर समय-सीमा तय कर निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी,यशभारत। नगर निगम में आयोजित महापौर जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों पर सुनवाई हुई। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर तलब कर समस्याओं के निराकरण की स्थिति पूछी। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि शिकायतों का समाधान कब तक किया जाएगा। महापौर ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 3 के युवाओं द्वारा मार्ग से संबंधित विषय महापौर के समक्ष रखा गया तथा आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई, आवास, पेंशन एवं अतिक्रमण से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवेदनों पर कार्रवाई के साथ जवाबदेही तय करने पर फोकस
नगर निगम की जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की स्थानीय समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण कराना है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर समस्या का निरीक्षण करें और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी दें।
उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंचते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान निगम की सभी शाखाओं के अधिकारी, कर्मचारी एवं आवेदक उपस्थित रहे।






