
जबलपुर यशभारत। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत अगरिया रोड में एक ट्रैक्टर चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए 55 वर्षीय महिला को जबरदस्त टक्कर मार दी जिससे महिला की मौत हो गई वहीं दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रारंभिक करवाई के उपरांत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना करते हुए दुर्घटना की पड़ताल शुरू कर दी है।
इस संबंध में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिखली ग्राम की रहने वाली 55 वर्षीय लक्ष्मीबाई पति द्वारका कोरी एवं उसका बेटा मुकेश कोरी तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जंगल गए हुए थे। जब वह जंगल से वापस अपने घर आ रहे थे इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने महिला को जबरदस्त टक्कर मार दी इस दौरान महिला के पेट के ऊपर से ट्रैक्टर निकल गया जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं इस दुर्घटना में मुकेश कोरी को भी चोटें आई। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।







