आफत की बारिश : सभी परीक्षाएं स्थगित,सतना-चित्रकूट में फिर बाढ़ जैसे हालात,कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूटा, SDRF अलर्ट

सतना/चित्रकूट l जिले में बीते 8 घंटों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचली बस्तियों में घरों में पानी घुस चुका है, सड़कों पर गड्डों में पानी भरा है और कई इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
सतना शहर के प्रमुख क्षेत्रों—सर्किट हाउस चौक, प्रेम नगर अंडरब्रिज, पन्ना नाका—में भारी जलभराव की स्थिति है। डालीबाबा और टिकुरिया टोला को जोड़ने वाले रपटे पर तेज़ धार से पानी बह रहा है। भरहुत नगर का नाला भी ओवरफ्लो कर चुका है।
नगर निगम का अमला मुस्तैद है, सड़कों पर गड्ढों के पास डिवाइडर लगाए जा रहे हैं ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। जिला प्रशासन ने SDRF को अलर्ट कर दिया है। प्रमोद वन क्षेत्र में एक अस्थायी राहत केंद्र की स्थापना की गई है।
मंदाकिनी उफान पर, चित्रकूट में नावें चलीं
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले भी ऐसी ही स्थिति बनी थी जब सड़कों पर नावें चलानी पड़ी थीं। प्रशासन की नजरें अब संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों पर टिकी हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के किनारे न जाएं।
परीक्षाएं टलीं, छात्र-छात्राओं को राहत
भारी बारिश के चलते शासकीय स्वशासी महाविद्यालय सतना की 17, 18 और 19 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. सी. राय ने यह जानकारी दी।
प्रशासन अलर्ट, राहत दल तैयार
जिला कलेक्टर कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार सभी तहसीलों में बचाव एवं राहत दलों को सक्रिय कर दिया गया है। संभावित खतरे को देखते हुए स्कूलों में भी छुट्टी की जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।







