हाईकोर्ट से तत्कालीन CSP नेहा पचिसिया को झटका, FIR रद्द करने से इनकार, जमीन की रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने का आरोप, बैंक ट्रांजैक्शन और CDR सहित साक्ष्यों की जांच होगी

कटनी/ जबलपुर, यशभारत। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ ने कटनी की तत्कालीन सीएसपी नेहा पचिसिया को बड़ा झटका देते हुए उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने की याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति रामकुमार चौबे की युगल पीठ ने कहा कि मामले में लगाए गए गंभीर आरोपों के मद्देनजर बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। मामला छब्बु कोल हत्याकांड की जांच के दौरान आरोपी रमेश लोधी और उनके बेटे आकाश लोधी पर कार्रवाई के दबाव के बीच जमीन की रजिस्ट्री कराने के कथित मामले से जुड़ा है। आरोप है कि तत्कालीन सीएसपी नेहा पचिसिया ने हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई का दबाव बनाकर रमेश लोधी की जमीन मारूफ अहमद हनफी के नाम रजिस्ट्री कराने में भूमिका निभाई। इस मामले में 19 अगस्त 2026 को कुठला थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। नेहा पचिसिया ने इसे दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। वहीं शासन ने संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का हवाला देते हुए जांच जारी रखने की मांग की। अदालत ने स्पष्ट किया कि बचाव पक्ष की दलीलों का परीक्षण जांच के दौरान किया जा सकता है, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर एफआईआर निरस्त करना उचित नहीं है। कोर्ट ने यह भी कहा कि छब्बु कोल हत्याकांड की निष्पक्ष जांच का मूल उद्देश्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। याचिका खारिज होने के बाद अब एसआईटी इस मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।







