भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

भोपाल मास्टर प्लान-2047: आज से शुरू होंगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई, पहले दिन अरेरा कॉलोनी के 1637 लोग होंगे शामिल

भोपाल मास्टर प्लान-2047: आज से शुरू होंगी दावे-आपत्तियों पर सुनवाई, पहले दिन अरेरा कॉलोनी के 1637 लोग होंगे शामिल

भोपाल, यशभारत। भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आए सुझावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो रही है। लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में आयोजित होने वाली इस मैराथन सुनवाई के पहले दिन अरेरा कॉलोनी के 1,637 नागरिकों को बुलाया गया है। प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर 25 सितंबर से 25 अक्टूबर के बीच कुल 14,300 आवेदन प्राप्त हुए थे। दस्तावेजों की गहन छंटनी और तकनीकी परीक्षण के बाद अब 10,645 वैध दावे-आपत्तियों और सुझावों को सुनवाई के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, एक जैसी प्रकृति वाली आपत्तियों और सुझावों को अलग-अलग सुनने के बजाय समूह में सुना जाएगा ताकि समय की बचत हो सके।

सोमवार को पहले दिन आम नागरिकों के अलावा शहर के व्यापारियों की आपत्तियों पर भी विचार किया जाएगा। व्यापारियों के लिए सुनवाई का समय दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक तय किया गया है, जबकि आम नागरिकों की सुनवाई सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी।

फिलहाल यह पूरी सुनवाई ऑफलाइन माध्यम से की जा रही है। वहीं, जिन नागरिकों और हितधारकों ने ऑनलाइन सुनवाई का विकल्प चुना था या ऑनलाइन मांग की थी, उनकी आपत्तियों के लिए प्रशासन द्वारा अलग से तारीखों की घोषणा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button