महादेव सट्टा एप पर सीबीआई का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुला नेटवर्क का राज, कई जगह चल रहे सट्टे के लाइव पैनल किए ध्वस्त

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई तेज करते हुए देश के छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। ये ठिकाने ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैनल संचालकों से जुड़े बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर सट्टेबाजी और जुए के लाइव पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें जांच टीम ने ध्वस्त कर दिया। छापेमारी में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। सीबीआई के मुताबिक, महादेव एप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान भारत में फैले नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद एक नवंबर 2026 को गिरफ्तार किए गए चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की। जांच में पता चला है कि पूरा सिंडिकेट विदेश से संचालित हो रहा था, जबकि भारत में पैनल संचालकों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये संचालक ग्राहकों को सट्टे की आईडी उपलब्ध कराने के साथ किराए के बैंक खातों के जरिए रकम का लेनदेन करते थे। बाद में हवाला नेटवर्क के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।







