सरहदी गांवों में ‘गजराज’ की दहशत! : अलर्ट जारी, हमले में ग्रामीण के घायल होने की सूचना

मंडला। जिले के मवई क्षेत्र के जंगलों में एक जंगली हाथी पहुंच गया है। हाथी डिंडौरी जिले के बजाग के जंगलों से होते हुए रंजरा-बंजरा के जंगलों और आसपास के गांवों तक आया है। हाथी के हमले में एक ग्रामीण के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि वन विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वन विभाग के अनुसार, एक वयस्क हाथी को डिंडौरी जिले की सीमा में देखा गया है। विभाग की टीमें उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। हाथी के मंडला जिले की सीमा से लगे इलाकों में पहुंचने की आशंका को देखते हुए जीरादोनी, मुर्ता, मसना सहित अन्य सरहदी गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया सतर्क
हाथी की मौजूदगी को लेकर आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने, हाथी के पास नहीं जाने और उसे परेशान नहीं करने की अपील की है। साथ ही हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने के लिए कहा है। वन विभाग की टीमें हाथी की लोकेशन और आवाजाही पर नजर रख रही हैं। आसपास के गांवों में सतर्कता बरती जा रही है।







