मुख्य ख़बरें

राष्ट्रपति भवन में मंडला की ऐतिहासिक दस्तक: एकलव्य विद्यालय को मिला देश का सर्वोच्च सम्मान

मंडला, यशभारत जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मंडला जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को राष्ट्र स्तर पर उत्कृष्ट एकलव्य विद्यालय के रूप में सम्मानित किया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग को भी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मान प्रदान किया गया।

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला का यह चयन भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर किया गया है। विद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं संस्थागत कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।

समारोह में मध्यप्रदेश की ओर से प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग एवं एमपी सरस की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष श्री गुलशन बामरा ने पुरस्कार ग्रहण किया। वहीं मंडला जिले की ओर से कलेक्टर एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे तथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रीना ने सम्मान ग्रहण किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों से संवाद भी किया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अंतर्गत किया गया।

मंडला जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान जिले के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं जनजातीय कार्य विभाग के सतत प्रयासों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button