ब्रेकिंग : बेटे की मौत का सदमा पिता बर्दाश्त नहीं कर सके, रास्ते में तोड़ा दम, भजन गायक दिलीप तिवारी के निधन के कुछ देर बाद पिता विश्वनाथ तिवारी ने भी दुनिया को कहा अलविदा

बरही/कटनी, यशभारत। बरही क्षेत्र के डोकरिया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सड़क हादसे में बेटे की मौत के सदमे के बीच घायल पिता ने भी दम तोड़ दिया। मृतक भजन गायक दिलीप तिवारी के पिता विश्वनाथ तिवारी की भी बरही से कटनी रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में सांसें थम गईं। इस दर्दनाक घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार, बरही के डोकरिया गांव निवासी भजन गायक दिलीप तिवारी अपने माता-पिता के साथ सिहोरा के हरदुआ से मौसिया के अंतिम संस्कार में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना बरही अंतर्गत ग्राम परसवारा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 40 वर्षीय दिलीप तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता विश्वनाथ तिवारी और मां राधा तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए बरही अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए विश्वनाथ तिवारी और राधा तिवारी को कटनी रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में विश्वनाथ तिवारी ने भी दम तोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद पिता की भी मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसर गया। दिलीप तिवारी केवल एक भजन गायक ही नहीं, बल्कि अपनी मधुर आवाज और गायन की अनूठी शैली से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले कलाकार थे। वे सरस्वती विद्यालय बरही में आचार्य के रूप में भी सेवाएं दे रहे थे। डोकरिया निवासी विश्वनाथ तिवारी के 40 वर्षीय पुत्र दिलीप अपनी सुरीली आवाज के माध्यम से भजनों में भक्ति और श्रद्धा का संचार करते थे। एक ओर जवान बेटे की असमय मौत और दूसरी ओर पिता का भी दुनिया से चले जाना, इस परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है जिसकी कल्पना भी विचलित कर देती है। मां राधा तिवारी के घायल होने के बीच परिवार पर आई इस दोहरी विपदा से डोकरिया गांव सहित पूरे बरही क्षेत्र में शोक का माहौल है।








